जम्मू-कश्मीर फिर सुलगा, डुडु में फायरिंग, जवान शहीद, आतंकियों की घेराबंदी में लगा है सेना का जोर

Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के डुडु बसंतगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। (Kashmir Encounter) इस मुठभेड़ में एक भारतीय जवान शहीद हो गया है, जबकि एक अन्य घायल जवान को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ

जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान जैसे ही सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की, आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

जंगली इलाके में छिपे हैं आतंकी

सूत्रों के अनुसार, डुडु बसंतगढ़ के घने और पहाड़ी जंगलों में 2 से 5 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। इलाके को पूरी तरह घेर लिया गया है और मुठभेड़ अब भी जारी है। यह मुठभेड़ हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद 24 घंटे के भीतर तीसरी बड़ी मुठभेड़ है, जिसने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

ड्रोन और आधुनिक तकनीक की मदद

भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया है। इसमें ड्रोन और अन्य उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है ताकि आतंकियों की सटीक लोकेशन पता लगाई जा सके। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी आतंकियों को पकड़ नहीं लिया जाता या उनका सफाया नहीं हो जाता।

इस घटना के मद्देनज़र जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में हालिया वृद्धि स्पष्ट दिख रही है। सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों और आतंकी हमलों को रोकने के लिए सुरक्षाबल लगातार हाई अलर्ट पर हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *