हत्या को हादसा बनाने की कोशिश नाकाम, पोस्टमार्टम से खुला राज, पत्नी निकली मास्टरमाइंड

Meerut Murder Case

Meerut Murder Case: मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकरबपुर सादात गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 25 वर्षीय अमित कश्यप उर्फ मिक्की की मौत को पहले सांप के डसने का हादसा माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी। (Meerut Murder Case) रिपोर्ट में साफ हुआ कि अमित की मौत जहरीले सांप के डसने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया है।


हत्या के बाद सांप से बनाया गया ‘हादसा’

रविवार सुबह अमित का शव उसके बिस्तर पर मिला था। उसके शरीर पर सांप के डसने के लगभग 10 निशान थे और शव के नीचे एक जिंदा वाइपर सांप दबा हुआ था। ग्रामीणों ने शुरू में इसे सांप के काटने से हुई मौत मान लिया। लेकिन मृतक के परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पोस्टमार्टम की मांग की।


पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, अमित की मौत दम घुटने से हुई थी, न कि सांप के डसने से। पुलिस ने जब गहराई से जांच शुरू की, तो खुलासा हुआ कि अमित की पत्नी रविता का अमरदीप नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर अमित की गला दबाकर हत्या की और हत्या को हादसा दिखाने के लिए सांप से साजिश रच डाली।


सपेरे से एक हजार में खरीदा वाइपर

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अमरदीप ने पास के गांव महमूदपुर सिखेड़ा के एक सपेरे से एक हजार रुपये में जहरीला वाइपर सांप खरीदा था। वारदात की रात अमित की हत्या के बाद सांप को उसके शव के नीचे रख दिया गया ताकि घटना को सांप के डसने से मौत बताया जा सके। सुबह होते ही पत्नी ने चीख-पुकार मचाकर पूरी साजिश को हादसे का रूप देने की कोशिश की।


एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

ग्रामीणों के अनुसार, अमरदीप का अक्सर अमित के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसका रविता से प्रेम संबंध शुरू हुआ। दोनों पिछले एक साल से रिश्ते में थे। अमित की अचानक मौत पर परिजनों ने संदेह जताया और यही वजह रही कि पोस्टमार्टम की मांग की गई।

पुलिस ने रविता और अमरदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *